लग्जरी लाइफ के लालच में बना ड्र ग रै के ट! 2 युवतियां समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
एमपी के भोपाल में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने लग्जरी लाइफस्टाइल के लालच में अपराध का रास्ता चुन लिया। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने दो युवतियों समेत तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में विनय कुमार लोधी, अंकिता ठाकुर और आरोही सिंह शामिल हैं, जो रीवा और रायसेन के रहने वाले हैं और भोपाल में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 6.285 किलोग्राम गांजा, एक बाइक और करीब 2.70 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों युवतियां पहले प्राइवेट काम के बहाने भोपाल आई थीं, लेकिन जल्दी पैसा कमाने और लग्जरी जिंदगी जीने की चाहत ने उन्हें इस अवैध धंधे में धकेल दिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर भोपाल लाते थे। शक से बचने के लिए ये ट्रेन के फर्स्ट क्लास एसी कोच में ब्रांडेड सूटकेस में गांजा छिपाकर सफर करते थे। भोपाल पहुंचने के बाद यह गांजा शहर और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
आरोपी खासतौर पर कॉलेज स्टूडेंट्स और स्लम एरिया में रहने वाले मजदूर वर्ग को निशाना बनाते थे। छोटे-छोटे पैडलर्स के जरिए नशे का यह जाल फैलाया जा रहा था। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। अरेड़ी रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जल्दी अमीर बनने के लालच में इस धंधे में आए थे। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क की शुरुआत सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य कनेक्शनों की तलाश में जुटी है। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया और आसान पैसे का लालच कैसे युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहा है।