गुटखे पर खूनी बवाल! ठेले पर तोड़ फोड़ के बाद डंडों से हमला, VIDEO आया सामने
एमपी के रीवा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली गुटखे के विवाद ने देखते ही देखते खूनी रंजिश का रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों के बीच गुटखे को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। बुधवार रात यह विवाद उस वक्त भड़क उठा, जब साबिर अली नाम का युवक कथित तौर पर शराब के नशे में साईं मंदिर के पास पहुंचा और गुटखा बेचने वाले ठेले पर डंडे से तोड़फोड़ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि ठेला संचालक शक्ति सिंह इस हरकत से बेहद नाराज हो गया। गुस्से में उसने भी साबिर अली पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में साबिर को गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई, जहां दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, जो इस घटना का कारण बना। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर खंगाला जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस तरह बड़ी हिंसा में बदल जाता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।