गैस संकट से हाहाकार ! खाली सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरी जनता, चक्काजाम
एमपी के रायसेन में रसोई गैस की भारी किल्लत ने आम लोगों का गुस्सा सड़कों पर ला दिया। गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान लोग खाली सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करने उतर आए और शहर की सड़कों पर चक्काजाम कर दिया।
दरअसल, शहर में पिछले कई दिनों से रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित है। उपभोक्ता सुबह से ही एमआर और अमन गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका।
गुस्साए लोगों ने एजेंसी के बाहर ही हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने खाली सिलेंडर हाथ में लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस चक्काजाम का असर सागर और सांची मार्ग पर साफ नजर आया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी में यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और जल्द गैस सप्लाई सुचारु करने का आश्वासन दिया।
काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया और जाम खुलवाया गया, लेकिन लोगों का गुस्सा साफ तौर पर दिखाई दिया। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब सरकार आत्मनिर्भरता और बेहतर सुविधाओं के दावे कर रही है, तब बुनियादी जरूरत जैसे रसोई गैस के लिए लोगों को दर-दर भटकना क्यों पड़ रहा है?
फिलहाल प्रशासन ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की बात कही है, लेकिन जब तक जमीनी स्तर पर सुधार नहीं होता, तब तक लोगों की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही।
अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक आम जनता को गैस जैसी जरूरी सुविधा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा?