पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, जलाकर खेत में दफनाया शव, रिश्तों का खौफनाक अंत
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की नींव को ही झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जलाकर खेत में दफना दिया। मामला भानपुरा क्षेत्र के दुधाखेड़ी गांव का है, जहां 39 वर्षीय धनराज नाथ 10 अप्रैल की रात अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन शुरुआत से ही शक उसकी पत्नी धापूबाई और गांव के ही युवक पंकज चौधरी पर था।
पुलिस ने जब दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो एक खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ। आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी ने पहले ही धनराज को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। घटना की रात पंकज ने धनराज को मिलने के लिए बुलाया, जहां दोनों ने मिलकर उसका गला घोंट दिया और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने पेट्रोल पंप से डीजल लाकर शव को खेत में जलाने की कोशिश की। जब शव पूरी तरह नहीं जला, तो जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर जले हुए अवशेषों को जमीन में दफना दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खेत में खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किए हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियार और जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि जेसीबी ऑपरेटर की तलाश जारी है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने करीब 8 घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की। मृतक के बच्चों ने भी न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।