स्टेशन पर आग, प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन की बोगी धूं-धूं कर ज ली, टला बड़ा हादसा और फिर
एमपी के शहडोल जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास खड़ी एक ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बोगी धूं-धूं कर जलने लगी और चारों ओर धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। यह घटना स्टेशन के साइडिंग एरिया में खड़ी ट्रैक मशीन की बोगी में हुई, जहां अचानक आग भड़क उठी। चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे ही आग देखी, वे घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ तुरंत हरकत में आया और फायर ब्रिगेड व डायल 112 को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि अगर समय रहते आग को नहीं बुझाया जाता, तो यह पास खड़ी अन्य बोगियों और पूरे स्टेशन परिसर तक फैल सकती थी। ऐसे में एक बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और दमकल विभाग की तेजी से कार्रवाई ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग दहशत में आ गए थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। यह घटना एक बार फिर गर्मी के मौसम में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आई। फिलहाल बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सवाल यह है कि क्या रेलवे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए और सख्त इंतजाम करेगा?