गैस संकट पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम, एजेंसी के बाहर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
एमपी के जबलपुर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर सोमवार को लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। संस्कारधानी गैस एजेंसी के बाहर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। दरअसल, 1 अप्रैल से जिला प्रशासन ने घर-घर गैस सिलेंडर डिलीवरी के निर्देश जारी किए थे। लोगों ने इस व्यवस्था पर भरोसा करते हुए गैस बुकिंग कराई और उनके मोबाइल पर ओटीपी भी पहुंच गया। लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद एजेंसी द्वारा सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई।
लगातार देरी से परेशान लोग खुद गैस एजेंसी पहुंचने लगे, लेकिन वहां भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इसके बाद गुस्साए ग्राहकों ने एजेंसी के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पिछले दो महीनों से उनका नंबर लगा हुआ है, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा। घरों में गैस खत्म हो चुकी है, जिससे खाना बनाने तक में दिक्कत हो रही है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। करीब घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और जाम खुलवाया। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर घर-घर डिलीवरी का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। फिलहाल, लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।