सागर- मंदिर में चोरी के बाद गुस्से में पुजारी, पुलिस पर आरोप लगाते हुए दे डाली चेतावनी !
सागर जिले के बीना स्थित छोटी बजरिया में चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाया था। जहां देर रात चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोर करीब पांच लाख रूपये की चोरी कर चम्पत हो गए थे। जिनमें भगवान श्रीराम दरबार समेत अन्य देवी देवताओं के 9 चांदी के छत्र और भगवान श्रीराम के चांदी के धनुष बाण चुराए गए हैं। चोरों का अभी तक कुछ सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। जिससे लोगों में आक्रोश है। अब मामले में विश्व हिंदू परिषद के अलावा अन्य हिन्दू संगठनों ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और एसपी के नाम नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें की बीना के छोटी बजरिया स्थित श्री राम जानकी मंदिर में 5 और 6 अप्रैल की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने वारदात की थी। जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो सुबह उन्हें ताले टूटे मिले थे। ज्ञापन देने पहुंचे मंदिर के पुजारी प्रेम नारायण शर्मा ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को जो रिपोर्ट दर्ज कराई थी वह उन्होंने दर्ज नहीं की है। मंदिर से करीब 5 से 6 लाख रुपए की चोरी हुई। लेकिन पुलिस ने मात्र 90 हजार रूपए की चोरी को ही दर्शाया है। इसी तरह पुलिस थाने से मंदिर की दूरी 6 किलोमीटर लिखी गई जबकि पुलिस चौकी छोटी बजरिया से 500 मीटर दूरी और मुख्य पुलिस थाने से 4 किलोमीटर दूरी होगी। जिसे पुलिस ने 6 किलोमीटर दूरी बताई। पुजारी ने चेतावनी देते हुए कहा अगर मंगलवार तक चोरी का खुलासा नहीं किया जाता है तो आमरण अनशन करेंगे। इसी तरह पंडित दशरथ पुरोहित ने कहा कि शहर में बढ़ रही चोरियों की घटनाएं एक चिंता का विषय है। जब मंदिर ही सुरक्षित नहीं हैं तो फिर आम लोगों के घरों और दुकानों की सुरक्षा कैसे होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।