सागर में संदिग्ध मौत पर बवाल, युवती की मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, बीना–सागर मार्ग जाम
सागर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक युवती की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद गुस्साए परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और बीना–सागर मार्ग पर जरूआखेड़ा के पास चक्का जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि यह जाम करीब दो घंटे तक चला, जिससे सड़क के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। SDOP राहतगढ़ और तहसीलदार नरयावली भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की। फिलहाल जाम खुल चुका है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।
दरअसल, नरयावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बाइक हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवती एक युवक के साथ बाइक पर सवार थी, तभी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में युवती के सिर में गंभीर चोट आई और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगा दिए। परिजनों का कहना है कि युवक युवती को लंबे समय से परेशान कर रहा था, ब्लैकमेल कर रहा था और उसे मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या की आशंका जताई है।
सबसे दुखद पहलू यह है कि युवती की 21 अप्रैल को शादी होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और उसी बीच यह दर्दनाक खबर सामने आई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। नरयावली थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह जोहरिया के मुताबिक, फिलहाल मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अब सवाल ये है—क्या ये महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।