सागर- अनाज तुलाई में हम्माल ने किया गोलमाल, अनाज चोरी के आरोप के बाद हुआ फरार ! | SAGAR TV NEWS |
सागर के खुरई में अनाज की तुलाई के दौरान एक गड़बड़ झाला सामने आया है। जिसमें हम्माल पर गंभीर आरोप लग रहे हैं की उसने हेरफेर कर अनाज की बोरियां चुरा ली। जिसके बाद बड़ी संख्या में किसान इकट्ठा हुए और इसका विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने के बाद मौके पर मंडी प्रबंधन पहुंचा और लोगों से बातचीत की।
दरअसल खुरई कृषि उपज मंडी में एक व्यापारी के यहां अनाज की तौल के दौरान दो अलग-अलग किसानों ने अपना अनाज चोरी होने का हम्माल पर आरोप लगाया है। किसान अंकित यादव निवासी विनायठा ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ मंडी में 30 क्विंटल मटर लेकर आया था। जब वह डाक नीलामी के बाद जैन ट्रेडर्स पर पहुंचा और जैसे ही दो बोरियों की तुलाई हुई तभी हम्माल जितेंद्र प्रजापति ने एक बोरी गायब कर व्यापारी के बाजू वाले गोदाम अतिशय ट्रेडर्स में जाकर रख दी। यह सब होते हुए उन्होंने देख लिया। तब वह हम्माल भाग गया। इसके बाद मंडी प्रबंधन को सूचना दी।
इसी तरह दूसरा मामला भी जैन ट्रेडर्स से सामने आया है। जहां किसान मोनू ताम्रकार निवासी कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह 17 क्विंटल चना लेकर मंडी में आया था। डाक नीलामी के बाद जैन ट्रेडर्स पर पहुंचा। जहां तुलाई के दौरान दो बोरे चने के गायब कर दिए। सूचना के बाद मंडी निरीक्षक सीएस मरावी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने किसानों और व्यापारी से चर्चा कर कागजी कार्रवाई की। जब टीम जांच के लिए पहुंची तो देखा कि बाजू में एक बोरी अलग रखी हुई थी। वहां से निकालकर किसान को बोरी दे दी है। जिस हम्माल ने यह किया है वह मौके से भाग निकला। जिसका नाम जितेन्द्र प्रजापति बताया जा रहा है। वहीं मामले में मंडी प्रबंधन अब कार्रवाई की बात कह रहा है।