सागर हाईवे पर मौत का तांडव! ट्रक की भीषण टक्कर से 4 की मौत, कई जिंदगी से जूझ रहे | SAGAR TV NEWS
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे देहात थाना क्षेत्र के बांसा तारखेड़ा गांव के पास गुलाब बाबा मंदिर के समीप यह दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी और फिर एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो और बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ खून के छींटे नजर आने लगे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तहसीलदार रोबिन सिंह के मुताबिक, देहात थाना और सागर नाका चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी है। प्रशासन के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां पहले से अलर्ट जारी कर डॉक्टरों की टीम को तैनात किया गया था। सिविल सर्जन सहित पूरा मेडिकल स्टाफ इलाज में जुटा हुआ है, ताकि घायलों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके। वहीं, दो शव जिला अस्पताल पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य शवों को भी घटनास्थल से लाया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक अंजाम की याद दिलाता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।