सेंट्रल जेल में सनसनी! हेड कॉन्स्टेबल की गई जान, नोट से खुल सकते हैं बड़े राज | SAGAR TV NEWS |
एमपी के रीवा केंद्रीय जेल से एक चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक प्रधान आरक्षक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान रामानंद पटेल के रूप में हुई है, जो रीवा सेंट्रल जेल में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि उनका शव जेल परिसर स्थित गौशाला में शव मिला है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक के पास से एक नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। माना जा रहा है कि इस नोट में अपनी जीवन लीला समाप्त करने के पीछे की वजह का खुलासा हो सकता है। इधर, मृतक के परिजनों ने इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पुत्र वरुण पटेल का कहना है कि उनके पिता को जेल अधीक्षक द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थे। परिजनों का आरोप है कि इसी दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। नोट की जांच के साथ-साथ मृतक के साथियों और अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। सीएसपी राजीव पाठक का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। यह घटना न केवल जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि वर्दी के पीछे छिपे तनाव और दबाव कितने घातक हो सकते हैं।