Sagar-अचानक कृषि मंडी कैसे पहुंच गए जीतू पटवारी, गेहूं खरीदी नहीं होने पर सरकार को घेरा
सागर कृषि उपज मंडी में हम्मालों की हड़ताल के चलते गुरुवार को खरीदी बंद होने पर किसानों ने चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान छतरपुर जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार को किसानों ने रोक लिया और अपनी समस्याएं बताईं।
किसानों की शिकायत पर पीसीसी (PCC) चीफ ने सागर कलेक्टर संदीप जीआर को फोन लगाकर मंडी की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और खरीदी शुरू कराने को कहा। वर्तमान में पटवारी ने शाम 7 बजे तक समाधान न होने पर वापस आने की चेतावनी दी है और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा है।
दरअसल, सागर कृषि उपज मंडी में हम्माल हड़ताल पर हैं, जिससे मंडी का काम प्रभावित हुआ है। गुरुवार को खरीदी नहीं होने और व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर किसानों ने विरोध जताते हुए मंडी के सामने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान भोपाल से सागर होते हुए जीतू पटवारी छतरपुर जा रहे थे। किसानों ने उन्हें देखा तो उनकी कार रोक ली और अपने साथ मंडी के अंदर ले गए। पटवारी ने जिला प्रशासन और मंडी अधिकारियों से बात कर खरीदी शुरू कराने को कहा है और चेतावनी दी है कि यदि शाम 7 बजे तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे वापस मंडी आएंगे।
किसानों को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि यह लड़ाई भाजपा-कांग्रेस की नहीं, बल्कि आपके पेट और हक की है। उन्होंने डबल इनकम और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के वादों पर सवाल उठाए। उन्होंने किसानों से पूछा कि कुछ दिन पहले संसद में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 गुना किसानों की इनकम बढ़ने की बात कही थी, क्या यहां मौजूद किसी किसान की इनकम बढ़ी? जब किसानों ने मना कर दिया, तो पटवारी ने कहा कि, "शिवराज सिंह चौहान पूरे देश में झूठ बोलते हैं कि मप्र में किसान खुशहाल है।"