नगर पालिका का बाबू 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप !
मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में जबलपुर लोकायुक्त टीम ने एमपी के नरसिंहपुर नगर पालिका परिषद में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी संजय कुमार तिवारी, जो नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर की लोक निर्माण शाखा में लिपिक के पद पर पदस्थ है, उसने एक ठेकेदार से भुगतान संबंधित काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
आवेदक भीष्म नारायण सिंह राजपूत, निवासी जबलपुर, को वर्ष 2025 में पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर मिला था। उन्होंने काम पूरा कर लिया और भुगतान भी उनके खाते में आ गया, लेकिन एफडीआर और बैंक गारंटी की राशि रिलीज करने के लिए आरोपी बाबू लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले करीब 52 हजार रुपए की मांग की थी, जो बाद में बातचीत के बाद 38 हजार रुपए पर तय हुई। आखिरकार परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और 8 अप्रैल को आरोपी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए नगर पालिका के कंप्यूटर कक्ष में रंगे हाथ पकड़ लिया।
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। इस कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया और लोकायुक्त की पूरी टीम शामिल रही। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।