Sagar- युवक ने अपने ऊपर उड़ेला पेट्रोल, तभी अज्ञात ने जला दी माचिस की तीली और फिर...
सागर जिले के बीना से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां शराब दुकान हटाए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। उसी दौरान एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। पेट्रोल सड़क पर भी गिर गया। तभी किसी अज्ञात शख्स ने माचिस की तीली जला दी। जिससे युवक आग में झुलसने से बच गया। समय रहते उसे बचा लिया गया। पुलिस की सक्रीयता और लोगों की सहयोग से उसकी जान बच सकी।
दरअसल बीना में छोटी बजरिया स्थित भीम वार्ड में शराब दुकान को हटाने की मांग लगातार की जा रही है। इसी को लेकर वार्डवासी शराब दुकान को हटाने के लिए बड़ी संख्या में शराब दुकान के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। तभी अचानक से हड़कंप मच गया। शराब दुकान हटाने की मांग पूरी होते न देख आम आदमी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष निर्मल रैकवार ने अपने ऊपर बड़ी मात्रा में पेट्रोल डाल लिया। पुलिस ने बिना देर किए हुए युवक को तत्काल पुलिस वाहन में बैठा लिया। तभी किसी असामाजिक तत्व ने सड़क पर गिरे पेट्रोल में माचिस की तीली से आग लगा दी। आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। जहां आग लगी थी वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं धरना प्रदर्शन कर रहीं थीं। जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और लोगों की सक्रियता से तत्काल महिलाओं को वहां से अलग किया गया। इस दौरान बड़ी घटना होने से टल गई। मौके पर जीआरपी, आरपीएफ, बीना थाना, छोटी बजरिया पुलिस चौकी का बल बड़ी संख्या में मौजूद था। वहीं विधायक निर्मला सप्रे ने फोन पर चर्चा की गई तो उन्होंने वार्डवासियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे उनके साथ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद महिलाओं ने नायब तहसीलदार हेमराज मेहर को ज्ञापन सौंपकर धरना प्रदर्शन ख़त्म किया। बताया गया की लंबे समय से शराब दुकान हटाने की मांग की जा रही है लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है।