अंतरराज्यीय ड्रग्स गिरोह का मास्टरमाइंड वसीम खान गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई !
एमपी के इंदौर से एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है, जहां क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी कई राज्यों में वांछित था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वसीम खान, निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वसीम खान इस पूरे गिरोह का सरगना है, जो अलग-अलग राज्यों से मादक पदार्थ लाकर इंदौर सहित अन्य शहरों में सप्लाई करता था।
दरअसल, क्राइम ब्रांच ने पहले इस मामले में रिजवान खोकर, फैजान मंसूरी, समीर लकारा और काजल उपाध्याय को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान वसीम खान का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने राजस्थान के देवलदी क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान वसीम खान ने भागने की कोशिश भी की, जिसमें वह घायल हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।
इस पूरे मामले में पहले ही पुलिस 24.08 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खुद को दिहाड़ी मजदूर बताकर समाज की नजरों से बचता था, लेकिन असल में वह बड़े पैमाने पर ड्रग्स तस्करी में शामिल था। पुलिस के अनुसार, वसीम खान पर मध्य प्रदेश और राजस्थान में करीब दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इंदौर में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो केस दर्ज हैं।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद साफ है कि इंदौर पुलिस ड्रग्स माफिया के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और आने वाले समय में ऐसे गिरोहों पर और बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।