MP | 21 किलो गांजा जब्त, ओडिशा-गुजरात लिंक वाला गिरोह बेनकाब, पुलिस का बड़ा एक्शन !
मध्य प्रदेश के बालाघाट से मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां रामपायली पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इसके तार ओडिशा से लेकर गुजरात तक जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि लिंगमारा से दीनी की ओर गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 5 अप्रैल की अलसुबह घेराबंदी की और एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बोरी में करीब 21 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से गांजा के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में दो ओडिशा और एक बालाघाट का निवासी है। आरोपियों की पहचान मिकेन्द्र उर्फ मुकेश देव और दिलीप सुना निवासी ओडिशा तथा मुन्ना बर्वे निवासी बालाघाट के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि मिकेन्द्र और दिलीप लंबे समय से गांजा तस्करी में सक्रिय थे और यह गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश, गुजरात सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर 13 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसडीओपी वारासिवनी अभिषेक चौधरी ने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और गांजे के स्रोत की गहराई से जांच कर रही है। इस कार्रवाई से साफ है कि बालाघाट पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले समय में ऐसे गिरोहों पर और बड़ी कार्रवाई की संभावना है।