सर पास कर दो…साली से शादी करा दूंगा! बोर्ड कॉपियों में छात्रों की अजीब फरियादें, टीचर भी रह गए दंग
मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान छात्रों ने ऐसे-ऐसे मैसेज लिखे कि टीचर्स भी चौंक गए। कोई पास कराने के लिए रिश्ता ऑफर कर रहा है, तो कोई अपनी मजबूरी का हवाला दे रहा है। दरअसल, ग्वालियर में 22 फरवरी से 4 अप्रैल तक बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान करीब 2 लाख 66 हजार से ज्यादा कॉपियां जांची गईं, लेकिन इनमें से 55 कॉपियां ऐसी थीं, जिनमें छात्रों ने उत्तर लिखने के बजाय भावनात्मक और अजीबोगरीब अपील लिख दी।
किसी छात्र ने लिखा—सर मुझे पास कर दो, आपकी शादी मेरी साली से करवा दूंगा… तो किसी ने अपनी मजबूरी बताते हुए लिखा—मां को कैंसर है, पढ़ाई नहीं हो पाई, प्लीज पास कर दीजिए… इतना ही नहीं, 23 कॉपियों में माता-पिता की बीमारी का जिक्र किया गया, वहीं 6 छात्राओं ने फेल होने पर शादी टूटने की बात लिखी। कुछ छात्रों ने तो यहां तक लिख दिया कि “पास कर दो, QR कोड भेज देना, पैसे ट्रांसफर कर देंगे।”
इन कॉपियों को पढ़कर मूल्यांकन कर रहे शिक्षक भी हैरान रह गए। हालांकि शिक्षकों ने साफ किया कि ऐसे मैसेज का रिजल्ट पर कोई असर नहीं पड़ता। कॉपी में केवल लिखे गए उत्तरों के आधार पर ही अंक दिए जाते हैं। प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह आजाद ने बताया कि हर साल इस तरह के इमोशनल मैसेज देखने को मिलते हैं, लेकिन मूल्यांकन नियमों के अनुसार ही होता है। शिक्षकों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे इस तरह के भावनात्मक हथकंडों के बजाय मेहनत पर ध्यान दें, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अब देखना होगा कि इन ‘फरियादी कॉपियों’ वाले छात्रों का रिजल्ट क्या आता है। लेकिन एक बात साफ है—परीक्षा में पास होने का असली मंत्र सिर्फ मेहनत ही है।