वॉशरूम में स्पाई कैमरा लगाकर बनाते थे वीडियो और फिर क्लीनर के मोबाइल से खुला राज
एमपी के इंदौर से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी के वॉशरूम में स्पाई कैमरा लगाकर कर्मचारियों की निजता से खिलवाड़ किया गया। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र के जंजीरवाला चौराहा स्थित ग्रैविटी टावर का है। यहां एक निजी कंपनी के वॉशरूम में संदिग्ध कैमरा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कंपनी प्रबंधन ने तुरंत कैमरे को जब्त कर आंतरिक जांच शुरू की।
जांच के दौरान शक की सुई सफाई कर्मचारी शुभम पर गई। जब उसका मोबाइल खंगाला गया, तो उसमें कई आपत्तिजनक और चौंकाने वाले वीडियो मिले। ये वीडियो उसी वॉशरूम में छिपकर बनाए गए थे, जहां कर्मचारी रोजाना इस्तेमाल करते थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने यह स्पाई कैमरा ब्लैकमेल करने की नीयत से लगाया था। यानी कर्मचारियों के निजी पलों को रिकॉर्ड कर उन्हें डराने और वसूली करने की साजिश रची जा रही थी।
जैसे ही यह खुलासा हुआ, कंपनी प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों के वीडियो बनाए और क्या इस पूरे मामले में कोई और भी शामिल है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इन वीडियो का दुरुपयोग तो नहीं किया गया।
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑफिस जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।