नशे में युवक ने मचाया तांडव, युवक को ज़िंदा जलाने की कोशिश की, फिर खुद की बाइक में लगा दी आग
नशे में चूर युवक ने ऐसा तांडव मचाया की इलाके में दहशत फ़ैल गयी। युवक के तांडव मचाने की वजह से पूरा मोहल्ला इकट्ठा हो गया। उसने पहले अपने पड़ोसी से विवाद किया। वहीं इसी दौरान उस पर पेट्रोल डालकर उसे ज़िंदा जलाने की भी कोशिश की। इसके बाद उसने गुस्से में खुद अपनी मोटर साइकिल को आग के हवाले कर दिया। हैरान कर देने वाली ये घटना उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र से सामने आई है। बताया गया की वार्ड नंबर 12 में रात करीब 9 बजे नशे में धुत एक युवक ने पहले अपने पड़ोसी के साथ जमकर विवाद किया और फिर उसे जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली।
जानकारी के मुताबिक गोविंद प्रजापति नामक व्यक्ति जो एसईसीएल में कार्यरत बताया जा रहा है शराब के नशे में अपने पड़ोसी गोलू गुप्ता के घर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि उसने आग लगाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और शोर-शराबे के कारण आसपास के लोग तुरंत इकट्ठा हो गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन युवक तब भी नहीं माना उसने गुस्से में आकर अपनी ही मोटरसाइकिल में आग लगा दी। जलती बाइक को देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और हालात को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक उस समय इतने नशे में था कि वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि वह अक्सर शराब के नशे में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है जिससे पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। फिलहाल पाली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।