खुरई में डोहेला महोत्सव की धूम, मशहूर सिंगर कैलाश खेर की दमदार प्रस्तुति, झूम उठे दर्शक
सागर जिले के खुरई में आयोजित हुए डोहेला महोत्सव में मशहूर सिंगर कैलाश खैर ने अपनी गायकी से ऐसा समा बांधा की लोग झूमने पर मजबूर हो गए। कैलाश खेर ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान दर्शकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। खुरई में रविवार की रात तीन दिवसीय डोहेला महोत्सव की शुरुआत प्रसिद्ध गायक शिवभक्त पद्मश्री कैलाश खेर के भजनों से हुई। इसके पहले पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने किला प्रांगण स्थित डोहेला मंदिर में विराजमान भगवान भोलेनाथ के अभिषेक और मां बीजासन की पूजा अर्चना के बाद भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई के डोहेला महोत्सव ने मुंबई और खुरई में अमीरी और ग़रीबी के बीच की दूरी मिटा दी है। जिन बड़े कलाकारों को देखने लोग मुंबई जाते थे। उन्हें खुरई के किला डोहेला में लाकर आम लोगों के बीच लाइव परफार्मेंस के लिए बुला कर ऐसा अवसर बना दिया कि गरीब भी उनका परफार्मेंस आमने सामने बैठकर देख सकते हैं। इस दौरान गायक कैलाश खेर ने अपने हिट गानों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने “हेरी सखी मंगल गाओ री“ “विनती सुन लो आज“ से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। फिर लगातार’बगड़ बम बबम बमलहरी’, ’अल्लाह के बंदे हंस दे’ और स्वदेश, मंगल पांडे, कॉरपोरेट, फना, बाहुबली के अलावा दंगल जैसी फिल्मों के हिट गीतों को मंच से प्रस्तुत किया। उन्होंने सूफी-फोक शैली के गाने ’तेरी दीवानी’ और ’सइयां’ जैसे गाने सुनाए तो पब्लिक झूम उठी। एंकर प्रिया वाडेकर ने कार्यक्रम का संचालन किया। साथ ही खुरई का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने सम्मानित किया।