Sagar - थ्रेसिंग के दौरान हार्वेस्टर में लगी आग,15 क्विंटल फसल ख़ाक, हार्वेस्टर भी जल गया
किसान की साल भर की मेहनत कुछ ही मिनिटों में चूर-चूर हो गई। फसल की थ्रेसिंग के दौरान हार्वेस्टर में इतनी भयंकर आग लगी की वह आग में बुरी तरह जल गया। साथ ही उसमें भरा हुआ तकरीबन 15 क्विंटल गेहूं भी जलकर ख़ाक हो गया। सागर जिले के देवरी क्षेत्र से सामने आये इस मामले में किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बताया जा रहा है की मौजा ससना मुआर अंतर्गत ग्राम पंचायत कंजेरा में भीषण आगजनी की यह घटना हुई। हार्वेस्टर में आग किन कारणों से से लगी फिलहाल यह साफ़ नहीं है। हालांकि घटना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गयी थी। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है की ग्राम पंचायत कंजेरा में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में कटाई कर रहे हार्वेस्टर में अचानक आग भड़क उठी। किसान सुरेंद्र सिंह राजपूत के खेत में हार्वेस्टर से गेहूं की फसल की कटाई की जा रही थी। तभी अज्ञात कारणों से मशीन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। जहां हार्वेस्टर के टैंक में भरी करीब 15 क्विंटल कटी हुई गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं इसके अलावा आग की चपेट में आकर खेत में खड़ी फसल का भी कुछ हिस्सा जल गया। इस घटना में किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक हार्वेस्टर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।