पुलिस का बड़ा एक्शन, 60 घंटे में सुलझी लाखों की चोरी, सर्राफा कारोबारी भी निकला आरोपी! SAGAR TV NEWS
उज्जैन जिले के नागदा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नागदा पुलिस ने महज 60 घंटे के भीतर लाखों की चोरी का खुलासा कर शानदार सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी गए 2 किलो 39 ग्राम चांदी के गहनों को बरामद करते हुए मुख्य आरोपी के साथ एक सर्राफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है। दरअसल, नागदा निवासी प्रकाशचंद सोनी ने अपनी सोने-चांदी की दुकान में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात चोर करीब 2 किलो चांदी के जेवर, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है, लेकर फरार हो गया था। इस मामले में थाना नागदा में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन और टीम के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिससे आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। जांच के आधार पर पुलिस ने इंदौर जिले के सिमरोल क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सुरेश राठौड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी का माल इंदौर के एक सर्राफा व्यापारी के पास रखने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस टीम ने कमाठीपुरा स्थित व्यापारी मनीष के यहां पहुंचकर चोरी किए गए 2 किलो 39 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए। इस मामले में सर्राफा व्यापारी को भी आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने तीन दिन का रिमांड लिया है, जो 6 अप्रैल 2026 तक रहेगा। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इस सफल कार्रवाई में नागदा थाना प्रभारी अमृतपाल गवरी, उप निरीक्षक योग्यता उपाध्याय, वीरेंद्र सिंह चौहान सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। नागदा पुलिस की इस तत्परता और प्रोफेशनल जांच की हर तरफ सराहना हो रही है।