कांग्रेस विधायक की विधानसभा सदस्यता ख़त्म,देर रात खुला सचिवालय, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
FD के मामले में दोषी करार दिए गए दतिया के कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्य्ता समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया गया है। लेकिन कांग्रेस ने इस मामले में अब गंभीर सवाल खड़े किये हैं। दरअसल। दिल्ली MP-MLA कोर्ट से 3 साल की सजा मिलने के तुरंत बाद गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के पहुंचने पर सचिवालय खोला गया। राजेंद्र भारती की सीट रिक्त घोषित कर चुनाव आयोग को पत्र भेजा गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा विधानसभा पहुंचे। दोनों ने प्रमुख सचिव शर्मा के चैंबर में जाकर रात में दफ्तर खोलने का कारण पूछा। शर्मा के बिना जवाब निकलने पर पटवारी ने BJP के इशारे पर कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा की यह संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग है। 60 दिन अपील का समय है। फिर जल्दबाजी क्यों?" उन्होंने इसे सत्ता का दुरुपयोग और राजनीतिक गुंडागर्दी बताया। हालांकि स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर और प्रमुख सचिव शर्मा की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है। बताया गया की 2 साल से ज्यादा सजा पर सदस्यता स्वतः समाप्ति के नियम के तहत कार्रवाई हुई। भारती को हाईकोर्ट में अपील का मौका है। दतिया उपचुनाव की अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।
गौरतलब है की एमपी के दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली की विशेष MP-MLA कोर्ट ने गुरुवार को 27 साल पुराने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) घोटाले में दोषी करार दिया। कोर्ट ने अलग-अलग धाराओं में 3-3 साल और एक धारा में 2 साल की सजा सुनाई। लेकिन तुरंत बाद अदालत ने अपील के लिए 60 दिन की मोहलत देते हुए सजा निलंबित रखी है। यह मामला दतिया की जिला सहकारी कृषि ग्रामीण विकास बैंक से जुड़ा है। जिसमें लंबे समय से धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोपों की सुनवाई चल रही थी। पहले यह केस ग्वालियर में चल रहा था, जिसे बाद में दिल्ली ट्रांसफर किया गया था।-