बस स्टैंड पर महिलाओं-छात्रों का उग्र प्रदर्शन, शराब दुकान के खिलाफ बवाल
एमपी के नरसिंहपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नई शराब दुकान खोलने के विरोध में लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। नए बस स्टैंड इलाके में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ महिलाएं, छात्र-छात्राएं और व्यापारी एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से स्कूल, कॉलेज और एसडीएम कार्यालय जाने वाले हजारों लोग रोजाना गुजरते हैं। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगेगा और माहौल खराब होगा।
प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने साफ कहा कि वे पहले से ही क्षेत्र में असुरक्षा महसूस करती हैं। हाल ही में छेड़छाड़ की घटनाओं ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। उनका कहना है कि अगर यहां शराब दुकान खुलती है, तो हालात और भी खराब हो सकते हैं। वहीं, शासकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की नजदीकी भी इस विरोध की बड़ी वजह बन रही है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
स्थानीय व्यापारियों ने भी इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि शराब दुकान खुलने से इलाके में विवाद और अव्यवस्था बढ़ेगी, जिससे उनके कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि इस दुकान को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है, लेकिन बढ़ते विरोध को देखते हुए जल्द फैसला होने की उम्मीद है। जनता सड़कों पर है… अब फैसला प्रशासन के हाथ में। क्या बदलेगा स्थान या बढ़ेगा आंदोलन? जुड़े रहिए हमारे साथ।