बजरंगबली को 1.5 टन महालड्डू का भोग, सवा करोड़ राम नाम से सजा मंदिर, भक्ति का महासागर
एमपी की संस्कारधानी जबलपुर में हनुमान प्रकटोत्सव के मौके पर भक्ति और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गढ़ा क्षेत्र स्थित पंचमठा मंदिर इन दिनों आस्था का केंद्र बना हुआ है, जहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। इस बार का आयोजन कई मायनों में खास है, लेकिन सबसे बड़ा आकर्षण है 1.5 टन वजनी महालड्डू, जिसे वीर बजरंगबली को भोग के रूप में अर्पित किया गया है। इस विशाल लड्डू को चांदी के वर्क से सजाया गया है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लोग इसकी भव्यता को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी यह दृश्य तेजी से वायरल हो रहा है।
इस महालड्डू को तैयार करने में मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कारीगरों ने मिलकर मेहनत की है। खासतौर पर इसके लिए गुजरात के भावनगर से विशेष कढ़ाई मंगवाई गई, जिसमें इसे बनाया गया। वहीं, इस आयोजन की दूसरी सबसे खास बात है सवा करोड़ ‘राम’ नाम से सजा पूरा मंदिर। करीब 15 हजार पन्नों पर लाल स्याही से ‘राम’ लिखा गया, जिसमें हर पन्ने पर लगभग 1260 बार राम नाम अंकित है। इन पन्नों को लिखने में करीब 800 श्रद्धालुओं ने सवा महीने तक योगदान दिया।
इस पुण्य कार्य में 5 साल के बच्चों से लेकर 97 साल की बुजुर्ग श्रद्धालु तक शामिल हुए, जिसने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया। मंदिर समिति के अनुसार, इन पवित्र राम नाम पन्नों को प्रकटोत्सव के बाद प्रयागराज के राम नाम बैंक में 50 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाएगा। भक्ति, उत्साह और आस्था से सराबोर यह आयोजन जबलपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत कर रहा है। आस्था का ये अनोखा नजारा… हर दिल को छू रहा है। अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।