आंगनवाड़ी में एक्सपायरी दवाइयां बांटी,सेहत से खिलवाड़! विरोध पर अधिकारी बने तानाशाह | SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आंगनवाड़ी केंद्र में मासूम बच्चों और महिलाओं की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है। ग्राम डेलची बुजुर्ग के नव-निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में कथित तौर पर एक्सपायरी दवाइयों का वितरण किया गया, जिससे पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों को फोन कर आंगनवाड़ी केंद्र पर बुलाया गया, जहां विभाग के अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों को दवाइयां बांटी गईं। लेकिन जब कुछ ग्रामीणों की नजर दवाइयों की एक्सपायरी डेट पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। दवाइयां पहले ही एक्सपायर हो चुकी थीं। जैसे ही इस पर सवाल उठाया गया, माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी सकील मोहम्मद नागोरी ने अपनी गलती मानने के बजाय दवाइयां छीन लीं और विरोध कर रहे लोगों के साथ बदसलूकी की। इतना ही नहीं, जब इस मामले की शिकायत बीएमओ शोभना भाबर से फोन पर की गई, तो उन्होंने भी संवेदनशीलता दिखाने के बजाय ग्रामीणों को ही फटकार लगा दी। कथित तौर पर उन्होंने कहा— “आप कोई अधिकारी नहीं हैं जो मुझसे इस तरह बात कर रहे हैं।
घटना ने तूल तब पकड़ा जब हालात बिगड़ते देख डायल 100 और महिदपुर रोड थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और वे जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी व्यवस्था में इसी तरह लापरवाही बरती जाएगी? क्या मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा? फिलहाल सबकी नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।