भीषण आग का कहर, मार्केट की दुकानों में धधकी आग, घंटों बाद पाया काबू! और फिर | SAGAR TV NEWS |
एमपी के जबलपुर में सोमवार देर रात एक भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। करमचंद चौक के पास स्थित व्यस्त मार्केट में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते कई दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले एक म्यूजिक पैलेस में लगी और फिर तेजी से फैलते हुए कपड़े के कारखाने और गोदाम तक पहुंच गई। दुकानों में रखे कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में घना धुआं छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों और घटनास्थल तक सीधी पहुंच न होने के कारण आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे थे कि दमकल कर्मियों को बिल्डिंग के पिछले हिस्से से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करनी पड़ी। करीब 7 से ज्यादा दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस दौरान दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मार्केट के पास घरों और अस्पताल होने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर की फायर सेफ्टी व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले बाजारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।