सब्जियों की माला पहनकर कांग्रेस का हल्लाबोल, महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के भोपाल में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींच लिया। रोशनपुरा चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी ने ऐसा प्रदर्शन किया, जो चर्चा का विषय बन गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में हुए इस विरोध में कार्यकर्ताओं ने गले में हरी सब्जियों और बिजली के बल्बों की माला पहनकर महंगाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। इतना ही नहीं, केंद्र और राज्य सरकार को “महंगाई की नींद में सोई सरकार” बताते हुए कांग्रेसियों ने भैंस के चित्र के सामने बीन बजाकर प्रतीकात्मक रूप से सरकार को जगाने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, किल्लत और हाल ही में बढ़ी बिजली दरों को लेकर कटआउट लहराए। साथ ही “महंगाई की प्रदर्शनी” लगाकर आम जनता की परेशानियों को भी उजागर किया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। खासतौर पर घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और उसकी किल्लत ने मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं बिजली बिलों में बढ़ोतरी और ईंधन की कमी ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम एसीपी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बिजली दरों में कमी और महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
कुल मिलाकर, भोपाल में कांग्रेस का यह अनोखा प्रदर्शन महंगाई के मुद्दे को एक बार फिर सियासी केंद्र में ले आया है।