नर्मदा में नाव हादसा,15 यात्रियों से भरी नाव पलटी, युवाओं की बहादुरी से टली बड़ी त्रासदी !
एमपी के रायसेन जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नर्मदा नदी में एक नाव हादसे ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मचा दी। देवरी थाना क्षेत्र के रमपुरा घाट पर 15 यात्रियों और 5 मोटरसाइकिलों से लदी नाव अचानक अनियंत्रित होकर नदी में पलट गई। बताया जा रहा है कि यह नाव रमपुरा घाट से रिछावर घाट, जिला नरसिंहपुर की ओर जा रही थी। नाव में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 7 पुरुष सवार थे। इसके साथ ही 5 मोटरसाइकिल भी लदी हुई थीं, जिससे नाव पर अत्यधिक भार हो गया था। यही ओवरलोडिंग हादसे की बड़ी वजह बनी।
जैसे ही नाव पलटी, नदी में चीख-पुकार मच गई। लेकिन गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने तुरंत साहस दिखाया और बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू कर दिया। युवाओं की बहादुरी और सूझबूझ से सभी 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में मोटरसाइकिलें नदी में डूब गईं, जिनमें से 3 को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। सभी यात्रियों को एहतियातन देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी तहसीलदार जयपाल उइके और थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यह एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन स्थानीय युवाओं की बहादुरी से सभी की जान बच गई। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने साहस दिखाया है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि ओवरलोडिंग कितना बड़ा खतरा बन सकती है। समय रहते सावधानी बरतना ही ऐसे हादसों से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।