मंत्री बने फायर फाइटर, खेत में लगी आग बुझाने काफिला रोक पहुंचे और फिर
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र से एक मानवीय और सराहनीय तस्वीर सामने आई है, जहां एक किसान के खेत में लगी आग को बुझाने के लिए खुद मंत्री दिलीप अहिरवार मैदान में उतर आए। उनकी तत्परता से एक बड़ी तबाही टल गई और खड़ी फसल को बचा लिया गया। घटना धावा तिगैला इलाके की है, जहां अचानक एक किसान के खेत में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते खड़ी फसल को अपनी चपेट में लेने लगी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और सभी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।
इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री दिलीप अहिरवार अपने काफिले के साथ वहां से गुजर रहे थे। वे सरवई में आयोजित रामनवमी शोभायात्रा में शामिल होकर वापस चंदला लौट रहे थे। तभी एक महिला ने मदद के लिए आवाज लगाई। महिला की पुकार सुनते ही मंत्री ने बिना देर किए अपना काफिला रुकवाया और सीधे मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने खुद मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने अपने साथ चल रहे कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। सभी के सामूहिक प्रयासों से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे खेत में खड़ी फसल को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
घटना के बाद मंत्री ने पीड़ित किसान से मुलाकात की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आकलन कर मदद पहुंचाई जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंत्री खुद आग बुझाते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में उनके इस संवेदनशील रवैये की जमकर सराहना हो रही है। यह घटना दिखाती है कि जब जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाते हैं, तो हालात बदलने में देर नहीं लगती।