एम्स के सामने बड़ा हादसा, 35 साल पुरानी बिल्डिंग का छज्जा गिरा, 4 लोग पहुंच गए अस्पताल
मध्यप्रदेश की भोपाल की राजधानी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एम्स अस्पताल के सामने एक निर्माणाधीन इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह इमारत करीब 35 साल पुरानी है, जिस पर इन दिनों अतिरिक्त मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। इसी बीच इमारत का बाहर निकला हुआ छज्जा अचानक गिर गया और नीचे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त नीचे सडाना मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था, जहां अस्पताल आए मरीज और उनके परिजन दवाइयां लेने के लिए मौजूद थे। अचानक छज्जा गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा जरूरत से ज्यादा बाहर निकाला गया था, जिससे उसकी मजबूती कमजोर हो गई थी और वह गिर पड़ा। इस हादसे में 23 वर्षीय नंदिनी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके पैर में लोहे का एंगल घुस गया, जबकि सिर और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मनोज कुमार, तनुश्री, अभय और ओमप्रकाश भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे वाहनों को भी बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इमारत का निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा था। एसीपी डॉ. रजनीश कश्यप ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और निर्माण से संबंधित अनुमति की जानकारी जुटाई जा रही है। यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।