अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, नर्मदा तट से हटाईं 20+ झुग्गियां, कब्जा कर बेचने की थी तैयारी
एमपी के जबलपुर में नर्मदा तट को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। गौरीघाट क्षेत्र में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से ज्यादा झुग्गियों को हटाकर शासकीय जमीन को कब्जा मुक्त कराया। यह कार्रवाई आयुर्वेदिक कॉलेज की बाउंड्री से लगी जमीन पर की गई, जहां लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि कुछ बाहरी लोग यहां आकर बस गए थे और धीरे-धीरे सरकारी जमीन पर कब्जा जमाकर उसे बेचने की तैयारी में थे।
स्थानीय निवासी बंटी महाराज के अनुसार, इन झुग्गियों के कारण इलाके में आए दिन विवाद और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं। इतना ही नहीं, नर्मदा परिक्रमा करने आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता के मामले भी बढ़ रहे थे, जिससे क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और नगर निगम ने संज्ञान लिया और संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। सीएसपी एमडी नागोटिया के नेतृत्व में पुलिस बल और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान करीब 20 से अधिक कच्चे मकानों को तोड़कर जमीन को खाली कराया गया। हालांकि, प्रशासन ने मानवीय पहलू का ध्यान रखते हुए झुग्गियों में रहने वाले लोगों को नगर निगम के आश्रय स्थल में शिफ्ट किया। वहीं, कुछ लोग अपने गृह जिलों के लिए रवाना हो गए। प्रशासन का कहना है कि नर्मदा तट को अयोध्या की सरयू नदी की तर्ज पर विकसित किया जाना है, जिसके लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और शहर के विकास के लिए सख्त कदम लगातार उठाए जाएंगे।