पति की बाइक का चालान करने पर पत्नी ने थाने में की अजीब हरकतें, प्रसाद चढ़ाकर छोड़ दी बाइक
कई बार दूसरों की रक्षा की जिम्म्मेदारी संभालने वाली पुलिस ही हैरत में पड़ जाती है। इसी तरह का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिससे पूरे थाने के लोग सकते में आ गए। एक महिला ने ऐसी अजीब हरकतें की, कि पुलिस के ही पसीने छूट गए। महिला जोर-जोर से झूमने लगी उसे माता आ गयी हैं यह कहकर बकायदा प्रसाद भी चढ़ा दिया गया। यह सब हुआ बाइक के चालान को लेकर। बाद में पुलिस ने जिस बाइक को पकड़ा था उसे छोड़ दिया। जी हां आपको नज़र आने वाली ये तस्वीरें एमपी के ग्वालियर जिले से सामने आई हैं। और यह ड्रामा थाने के अंदर हो रहा है। हुआ क्या था, ये भी आपको बता देते हैं। दरअसल पुलिस ने पति की मोटरसाइकिल पकड़ ली और नियमों का उल्लंघन करने पर चालान भरने की बात कही। लेकिन उसने मना कर दिया। बस यहीं से यह पूरा ड्रामा शुरू होता है। एक साधारण चालान की घटना अचानक नाटकीय मोड़ ले लेती है। बाइक के चालान की बात थाने में एक अजीब ड्रामें में बदल गई। जिसे देखकर पुलिसकर्मी और लोग भी चौंक गए।
ऐसी जानकारी है की एक व्यक्ति बिना हेलमेट और जरूरी कागजात के बाइक चला रहा था। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर उसकी बाइक जब्त कर ली और चालान भरने को कहा। लेकिन युवक ने चालान भरने से इनकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने बाइक को थाने में लाकर खड़ा करवा दिया। कुछ समय बाद युवक अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचा और बाइक वापस देने की मांग करने लगा। पति पुलिसकर्मियों से बात कर रहा था तभी अचानक उसकी पत्नी जोर-जोर से चिल्लाने लगी और अजीब तरीके से झूमते हुए नाचने लगी। यह देख लोग हैरान रह गए। थाने में हड़कंप की स्थिति बन गयी। कुछ लोगों ने कहना शुरू कर दिया की महिला पर माता रानी आ गई हैं। वह नाराज हैं। वहां मौजूद लोग महिला से कह रहे है कि माता रानी शांत हो जाओ, पानी पी लो और जिसके पास चाबी है उसे लौटा दो। महिला हाथ उठाकर नाचती रही और जोर-जोर से बोलती रही। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला को शांत करने की कोशिश की। कुछ लोगों ने तो उसे प्रसाद के रूप में पैसे भी चढ़ा दिए। आखिर में मामला शांत कराने पुलिस ने बाइक की चाबी वापस कर दी और वाहन छोड़ दिया। अब यह वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।