पेंटहाउस विवाद बना मौत का खेल, बाप-बेटे ने भीड़ पर चढ़ाई कार, महिला इंजीनियर की मौत
एमपी के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने पल भर में खौफनाक रूप ले लिया। लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित सागर टाउनशिप के समृद्धि एन्क्लेव में पेंटहाउस को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बाप-बेटे ने गुस्से में आकर अपनी कार ही लोगों पर चढ़ा दी। इस दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पाठक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शंपा पाठक इंफोसिस में कार्यरत थीं और हाल ही में अपने पति सौरभ पांडेय और दो छोटे बच्चों के साथ इस सोसायटी में रहने आई थीं। परिवार ने महज 13 मार्च को ही यहां नया घर बसाया था, लेकिन यह खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक, सोसायटी में एक व्यक्ति द्वारा खरीदे गए पेंटहाउस का मोबाइल ऐप के जरिए कमर्शियल उपयोग किया जा रहा था, जिसका अन्य रहवासी विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे पर आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे का लोगों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान अचानक आरोपी बाप-बेटे ने गाड़ी स्टार्ट की और तेज रफ्तार में भीड़ की ओर बढ़ा दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन शंपा पाठक कार की चपेट में आ गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पूरी वारदात सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार किस तरह भीड़ को निशाना बनाकर चलाई गई। यह वीडियो अब जांच का अहम सबूत बन चुका है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है—क्या छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा अब जानलेवा होता जा रहा है? एक परिवार ने अपनों को खो दिया, और एक विवाद ने जिंदगी छीन ली।