सागर में भीषण आगजनी ! 9 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, 3 लाख का नुकसान
मध्यप्रदेश के सागर जिले से आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक किसान की मेहनत कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में बुधवार दोपहर करीब 3:40 बजे गेहूं के खेत में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे करीब 9 एकड़ फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। जानकारी के मुताबिक, फरियादी विवेक तोमर, जो सागर के सदर बाजार निवासी हैं और तोमर पोल्ट्री फार्म का संचालन करते हैं, ने अपने खेत में हार्वेस्टर बुलाया था। इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके खेत में आग लग गई है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और गेहूं की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम, 112 सेवा और फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस आगजनी में करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। किसान विवेक तोमर ने आशंका जताई है कि उनके खेत के पास से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट होने के कारण चिंगारी गिरी, जिससे यह आग भड़की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी बिजली लाइन में फॉल्ट की बात कही है।
इस मामले की जांच थाना बांदरी के सउनि राकेश तिवारी द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना एक बार फिर किसानों की उस पीड़ा को उजागर करती है, जहां उनकी सालभर की मेहनत कुछ ही पलों में खत्म हो जाती है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे आग लगने के असली कारणों का खुलासा हो सके।