सागर- आस्था की अद्भुत यात्रा! राहतगढ़ से 71 मीटर झंडा लेकर पैदल निकले श्रद्धालु, ज्वाला देवी धाम जलंधर की ओर कूच| SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के राहतगढ़ से आस्था और भक्ति की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां श्रद्धालुओं की पैदल झंडा चढ़ावा यात्रा मां ज्वाला देवी धाम, जलंधर के लिए रवाना हुई। इस यात्रा की खास बात यह है कि इस बार मातारानी को 71 मीटर लंबा विशाल झंडा अर्पित किया जाएगा। यह भव्य यात्रा राहतगढ़ नगर के वार्ड नंबर 15 स्थित मां ज्वाला मंदिर से पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालु झंडा लेकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचे, जहां से उन्होंने अपनी लंबी पदयात्रा की शुरुआत की।
यात्रा के दौरान नगरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। पूरे नगर में भक्ति का माहौल नजर आया और हर कोई इस पुण्य यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित दिखा। मां ज्वाला देवी अखाड़े के उस्ताद प्रीतम अहिरवार ने बताया कि इस यात्रा की शुरुआत वर्ष 1992 में हुई थी, जब कुछ श्रद्धालुओं ने केवल 4 मीटर लंबे झंडे के साथ यह परंपरा शुरू की थी। हर साल चैत्र नवरात्र में झंडे की लंबाई एक मीटर बढ़ाई जाती है और इसी क्रम में इस वर्ष झंडा 71 मीटर तक पहुंच गया है।
यह यात्रा आसान नहीं है। श्रद्धालु उबड़-खाबड़ और पथरीले रास्तों से होते हुए भानगढ़, सेमरा, मेढ़ा और जामुनढाना जैसे इलाकों से गुजरते हुए मां के दरबार तक पहुंचते हैं। इस दौरान श्रद्धालु कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी आस्था और विश्वास को कायम रखते हैं। स्थानीय लोगों का भी इस यात्रा में भरपूर सहयोग मिलता है, जिससे यह परंपरा साल दर साल और मजबूत होती जा रही है। यह यात्रा न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह दर्शाती है कि श्रद्धा और विश्वास के आगे हर कठिनाई छोटी पड़ जाती है।