सागर संभाग में ऑनलाइन गेमिंग ठगी का खुलासा! इंटरस्टेट गिरोह गिरफ्तार, लाखों की नकदी और हाईटेक सेटअप बरामद
इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सागर संभाग के दमोह दमोह पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन गेमिंग ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह हाईटेक सेटअप के जरिए लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दे रहा था। पुलिस कार्रवाई में 8 लाख रुपए नगद और करीब 30 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। बरामद सामान में 20 से ज्यादा मोबाइल फोन, लैपटॉप, सैकड़ों सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर और ब्रॉडबैंड डिवाइस शामिल हैं। इन्हीं संसाधनों के जरिए यह गिरोह ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहा था। जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। सभी की उम्र 23 से 32 साल के बीच बताई जा रही है। ये लोग “WINBUZZ” नाम की वेबसाइट के माध्यम से लोगों को आसान कमाई और बड़े मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे और फिर उनसे पैसे ऐंठ लेते थे। मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने किया। उन्होंने बताया कि दमोह देहात थाना क्षेत्र के मुश्की बाबा मंदिर के पास यह गिरोह पिछले दो महीनों से किराए के मकान में रहकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। साइबर सेल की मदद से पुलिस अब इनके बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में सीएसपी, देहात थाना प्रभारी और सागर नाका चौकी पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस इंटरस्टेट नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। मनीष साहू सागर टीव्ही न्यूज़