सागर- ईद पर गले मिले कांग्रेसजन, झूलेलाल जयंती- रानी अवंतीबाई बलिदान दिवस पर भी किया स्वागत
सागर में ईद के पावन अवसर पर भाईचारे और एकता की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जब जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेसजन बड़ी संख्या में ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान महेश जाटव ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अल्लाह सभी की इबादत कबूल करें और हर किसी के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली लाएं। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और एकता का प्रतीक है, जो समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करता है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक सुनील जैन सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और समाज में प्रेम व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
वहीं, शुक्रवार शाम कांग्रेसजनों ने रानी रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस और भगवान झूलेलाल जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा का भी भव्य स्वागत किया। कांग्रेस कार्यालय के पास पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया गया। महेश जाटव ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने 1857 की क्रांति में अपने अदम्य साहस से देशभक्ति की मिसाल पेश की।
वहीं झूलेलाल जयंती को लेकर उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य, प्रेम और करुणा का संदेश देता है। शोभायात्रा के दौरान हल्की बारिश को भी लोगों ने भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद माना। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाजजनों ने भजनों और जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पूरे आयोजन में विभिन्न समाजों की सहभागिता देखने को मिली, जिसने सागर में एकता, संस्कृति और भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।