गैस सिलेंडर चोरी, वकील के घर से 4 सिलेंडर चोरी किये , CCTV में कैद वारदात
एमपी की राजधानी भोपाल में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उनके निशाने पर घरों में रखे गैस सिलेंडर भी आ गए हैं। ताजा मामला शहर के कोहेफिजा इलाके से सामने आया है, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मामला है भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र के ओम नगर का, जहां एक वकील के घर से 4 घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिए गए। पीड़ित वकील रॉबिन जैन के घर के नीचे पार्किंग में ये सिलेंडर रखे हुए थे। घटना 14 मार्च की रात की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार तीन बदमाश रात के अंधेरे में घर के पास पहुंचते हैं और कुछ ही मिनटों में एक-एक कर चारों सिलेंडर उठाकर फरार हो जाते हैं।
सुबह जब परिवार के लोग जागे, तो उन्होंने देखा कि पार्किंग में रखे गैस सिलेंडर गायब हैं। इसके बाद तुरंत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, जिसमें चोरी की पूरी वारदात कैद मिली। पीड़ित ने तुरंत कोहेफिजा थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इन दिनों गैस सिलेंडर की कमी भी देखने को मिल रही है। ऐसे में इस तरह की चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द पकड़ने का दावा कर रही है। भोपाल में बढ़ती चोरी की घटनाएं अब नए-नए रूप ले रही हैं… सवाल यही है कि आखिर कब तक आम लोगों की सुरक्षा यूं ही खतरे में रहेगी?