बम की एक ही दिन में 2 यूनिवर्सिटी को ई-मेल, हिंदी यूनिवर्सिटी खाली कराई गई और फिर | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के राजधानी भोपाल में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ही दिन में दो यूनिवर्सिटी को उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ताजा मामला अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय का है, जहां ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई। जहां स्थित अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय को बुधवार दोपहर धमकी भरा ई-मेल मिला।
यह मेल यूनिवर्सिटी की आधिकारिक आईडी पर आया, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए पूरे कैंपस को खाली करा दिया। कुलगुरु डॉ. देव आनंद हिंडोलिया ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया। इसके बाद पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
गौरतलब है कि इसी दिन जेके यूनिवर्सिटी और एक अस्पताल को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि हर पहलू को गंभीरता से जांचा जा रहा है। शुरुआती तौर पर इसे शरारती तत्व की हरकत माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत को ट्रेस करने में जुटी है।
पिछले कुछ दिनों से शहर के कई संस्थानों—जैसे कॉलेज, अस्पताल और सरकारी दफ्तरों—को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। भोपाल में बढ़ती इन धमकियों के बीच बड़ा सवाल यही है—क्या ये सिर्फ शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ा खतरा छिपा है? जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिलेगा।