शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमी ने प्रेमिका को जिंदा जलाया, मर्डर मिस्ट्री सुलझी
एक सनसनीखेज मर्डर केस का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने महज 48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली। अधजली लाश के पीछे की कहानी ने सभी को चौंका दिया है। मामला है मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र का, जहां गांव गुंवारी में खेतों के बीच बने एक खंडहर में एक युवती का अधजला शव मिला था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान शव की पहचान काजल के रूप में हुई, जिसकी गुमशुदगी पहले ही दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी चंद्रभान राठौर उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया, जो मृतका का प्रेमी निकला। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गए। लेकिन युवती काजल आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने खौफनाक साजिश रच डाली।
17 फरवरी को आरोपी ने काजल को मिलने के बहाने बुलाया और उसे खंडहर में ले गया, जहां पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुतीउर्रहमान के निर्देशन में टीम ने जांच शुरू की। परिजनों से मिले इनपुट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मृतका का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए हैं। प्यार, विश्वास और रिश्तों की यह कहानी एक खौफनाक अंत तक पहुंच गई… अनूपपुर का यह मामला एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अपराध की गंभीर तस्वीर सामने लाता है।