रेस्टोरेंट पर प्रशासन का छापा, 13 सिलेंडर जब्त, संचालक पर हुआ केस दर्ज
एक रेस्टॉरेंट में घरेलु गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्य में अवैध रूप से किया जा रहा था। जब इस बात की सूचना प्रशासन को मिली तो बिना देर किये संयुक्त टीम ने छापामार कार्यवाई को अंजाम दिया। जिससे क्षेत्र में हडकंप मच गया। टीम ने मौके से 13 सिलेंडर बरामद किये हैं। जिनमें से 8 घरेलु जबकि 5 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। मामला जबलपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है की स्टेशन रोड स्थित लकी किचन रेस्टोरेंट में जबलपुर कलेक्टर के निर्देशन पर जिला प्रशासन और संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। जहां मौके से अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे गैस सिलेंडरों को जब्त किया। जांच में पाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्य में किया जा रहा था। जो नियमों का उल्लंघन है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को जब्त करते हुए रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
रांझी तहसीलदार मौसमी केवट के मुताबिक शहर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के उपयोग और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मौके पर पुलिस टीम समेत अन्य प्रशानिक अमला मौजूद रहा।