नाले से मिला बम इलाके में मची दहशत, जांच में निकला खाली खोल
मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां नाले की सफाई के दौरान बम जैसा संदिग्ध वस्तु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच में यह सिर्फ खाली बम का खोल निकला। यह मामला जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रद्दी चौकी इलाके का है। यहां पंचशील क्षेत्र के पास बने नाले में सफाई का काम चल रहा था, तभी सफाई कर्मियों को नाले में बम जैसा एक खोल दिखाई दिया।
जैसे ही कर्मचारियों की नजर इस संदिग्ध वस्तु पर पड़ी, उन्होंने तुरंत काम रोक दिया और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को सतर्क किया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया।
बम स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि यह एक बम का खोल है, लेकिन इसमें किसी प्रकार का बारूद या विस्फोटक सामग्री मौजूद नहीं है। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और खोल को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, यह खोल संभवतः ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया से जुड़ा हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए इसे जांच हेतु भेजा जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।