कार से की जा रही थी शराब तस्करी, एक लाख से ज्यादा की शराब जप्त, धरा गया तस्कर
एक कार से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। जैसे ही इस बात की जानकारी पुलिस को मिली तो टीम ने घेराबंदी करते हुए कार को रोका उसमें से तलाशी लेने पर एक लाख रूपये से ज्यादा कीमत की शराब जप्त की गयी है। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मामला उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील के गांव भाटपचलाना से सामने आया है। पुलिस ने सात लाख रूपये से ज्यादा का मशरूका बरामद किया है।
बताया जा रहा है की पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सातरुण्डा मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक ईको कार को रोका। जिसमें भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से 1 लाख 13 हजार रुपये की शराब बरामद की साथ ही तस्कर को गिरफ्तार किया। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सातरुण्डा की ओर से एक ईको कार अवैध शराब लेकर रुणिजा की तरफ आ रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रुणिजा चौपाटी पर चेकिंग पॉइंट लगाया। इस दौरान संदिग्ध रतलाम जिले की पासिंग ईको कार को रोककर जब तलाशी ली गई। तो गाड़ी के अंदर शराब की पेटियां मिली। कार चला रहे आरोपी प्रेमसिंह उर्फ पिन्टू निवासी रतलाम के कब्जे से 106 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। तस्करी में शामिल 6 लाख रुपये की कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया है। जिससे शराब के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।