MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 12 राज्यों में फैले न शी ली कफ सिरप नेटवर्क का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नशीली कफ सिरप के बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है, जिसने देश के 12 राज्यों में अवैध कारोबार का जाल फैला रखा था। यह बड़ी कार्रवाई मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले की पुलिस ने की है। पुलिस ने ड्रग नेटवर्क के मुख्य आरोपी विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। आरोपी को कानपुर जेल से रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
दरअसल इस पूरे मामले की शुरुआत 28 मार्च 2025 को हुई थी, जब पुलिस ने गाड़ा मोड़ पर बिना नंबर की एक कार से 2160 नशीली कफ सिरप की बोतलें बरामद की थीं। इसके बाद पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम बनाई। दिलीप सोनी के निर्देशन में बनी एसआईटी ने जब इस मामले की जांच शुरू की, तो इसके तार वाराणसी और फिर कानपुर तक जा पहुंचे।
जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद अग्रवाल ने पूरे देश में नशीली कफ सिरप का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 350 से ज्यादा फर्जी कंपनियां बना रखी थीं, जो केवल कागजों पर मौजूद थीं। इन कंपनियों के जरिए करीब 20 लाख से ज्यादा कोडीन कफ सिरप की बोतलें अवैध तरीके से बाजार में सप्लाई की जा रही थीं। इस नेटवर्क का कारोबार दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कुल 12 राज्यों तक फैला हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर मध्यप्रदेश में 10 हजार और उत्तरप्रदेश में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। प्रशासन ने आरोपी की करीब 9.50 करोड़ रुपये की संपत्ति भी फ्रीज कर दी है। मऊगंज पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अब तक का बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।