वीडियो बनाकर ब्लै क मे ल! साइबर ठगों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई और फिर
साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लोगों को अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में बैठकर साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कछौआ गांव के जंगल में दबिश दी। यहां आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डिजिटल गिरफ्तारी और न्यूड वीडियो वायरल करने का डर दिखाते थे और फिर उनसे पैसे वसूलते थे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान ठाकुरदास लोधी, चंद्रशेखर लोधी और भोला उर्फ भोलू लोधी के रूप में हुई है। वहीं इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सेंट्रो कार और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे अब तक साइबर ठगी के जरिए करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम कमा चुके हैं। इस पैसे को उन्होंने मकान, प्लॉट, वाहन और अन्य ऐशो-आराम की चीजों पर खर्च कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना और डीआईजी अमित सांघी के निर्देश पर की गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।