पार्टी में पिस्टल दिखाते वक्त चली गो ली, दोस्त के पेट में लगी और फिर पहुंच गया अस्पताल
एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां दोस्तों की पार्टी अचानक खूनी खेल में बदल गई। पार्टी के दौरान पिस्टल दिखाते समय अचानक गोली चल गई और एक युवक के पेट में जा लगी। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। यह मामला मध्यप्रदेश के रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा नगर का है। पुलिस के मुताबिक यहां एक किराए के मकान में कुछ दोस्त पार्टी कर रहे थे। पार्टी के दौरान आरोपी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह अपनी अवैध देसी पिस्टल का शो ऑफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई और वहां मौजूद उसके ही एक दोस्त के पेट में जा लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी प्रशिक्षु आईपीएस और बिछिया थाना प्रभारी राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में टीम को सौंपी गई। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि घटना 13 मार्च की रात करीब 10 बजे हुई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली चलाने की झूठी कहानी भी सुनाई थी। लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध देसी पिस्टल भी बरामद कर ली। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।