गर्भवती महिला की हत्या, कोख में पल रहा 7 माह का मासूम भी नहीं बचा और फिर पुलिस जांच में जुटी
इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस निर्मम हमले में महिला के साथ उसकी कोख में पल रहे सात महीने के मासूम की भी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है। यह घटना मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले के पडवार गांव की है,
जो मोहन्द्रा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। शनिवार 14 मार्च को यहां 27 वर्षीय गर्भवती महिला नीता साहू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक हमलावर ने महिला के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई घातक वार किए। हमला इतना खतरनाक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना में उसकी कोख में पल रहे करीब सात महीने के मासूम की भी जान चली गई।
घटना के समय महिला के पति दयाराम साहू, जो पेशे से शिक्षक हैं, स्कूल गए हुए थे। घर में महिला अकेली थी। अचानक घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जब ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा तो खून से लथपथ महिला जमीन पर पड़ी थी। यह नजारा देखकर गांव में हड़कंप मच गया। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गई है,
जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले को लेकर वंदना सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस जघन्य दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।