एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां सरकारी दफ्तर में देर रात कथित शराब पार्टी का मामला उजागर हुआ है। एसडीएम कार्यालय के दो कर्मचारी जाम छलकाते कैमरे में कैद हो गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामला मध्यप्रदेश के रीवा शहर के कॉलेज चौराहा स्थित अत्याधुनिक अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय का बताया जा रहा है। आरोप है कि शुक्रवार देर रात यहां सरकारी कर्मचारियों ने कार्यालय को ही मयखाना बना दिया।
वायरल वीडियो में एसडीएम कार्यालय के रीडर धर्मेंद्र पटेल और लिपिक दिलीप पाल कथित तौर पर शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारी जाम टकराते हुए कैमरे में कैद हो गए। जानकारी के मुताबिक देर रात कुछ कर्मचारी पेंडेंसी निपटाने के नाम पर अक्सर दफ्तर में रुकते हैं। आरोप है कि इसी दौरान कार्यालय के कमरा नंबर-10 में शराब पार्टी का दौर चलता है, जिसमें कुछ पटवारी भी शामिल होते हैं।
घटना उस समय सामने आई जब एक स्थानीय युवक ने कार्यालय में चल रही कथित शराबखोरी का वीडियो बना लिया। जैसे ही कर्मचारियों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने युवक के साथ झूमाझटकी की और उसका मोबाइल छीनने की भी कोशिश की। हंगामा बढ़ता देख कार्यालय के कुछ कर्मचारी मौके से निकल गए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। इस पर डॉ. अनुराग तिवारी को भी जानकारी दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं।
एसडीएम के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल सरकारी दफ्तर में कथित शराब पार्टी का यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकारी कार्यालय अब काम की जगह मौज-मस्ती का अड्डा बनते जा रहे हैं।






सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.