सागर- प्रशासन की छापेमार कार्यवाई से हड़कंप, 10 दुकानों से 20 सिलेंडर किये जप्त | SAGAR TV NEWS |
एक तरफ जहाँ लोग LPG गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग सिलेंडर की कालाबाजारी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी को लेकर सागर जिले के बीना में प्रशासन ने कार्यवाई को अंजाम दिया। जहां 10 दुकानों से 20 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। साथ ही चंद्रशेखर वार्ड में खुले में गैस सिलेंडर की सप्लाई करने वाले गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गयी। बताया गया की बीना में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अनियमित आपूर्ति और घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर एसडीएम विजय डेहरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और नगर पालिका समेत खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्यवाई की।
घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर बीना में चलाए गए जांच अभियान के दौरान नायब तहसीलदार हेमराज मैहर, थाना प्रभारी अनूप यादव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव, नगर पटवारी दीपक कलावत, नगर पालिका से बृजेश राय, नंदकिशोर अहिरवार समेत खाद्य विभाग की टीम ने 20 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। टीम ने रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित पावभाजी सेंटर, छोटी बजरिया, सुपर मार्केट, बड़ी बजरिया, एम एस कॉम्प्लेक्स, अंबेडकर तिराहा स्थित होटलों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पकड़ा है। जिसे जब्त कर टीम ने वैधानिक कार्यवाही के लिए प्रकरण तैयार किया है।
छोटी बजरिया स्थित अरुण किराना स्टोर पर जब टीम पहुंची तो 6 गैस सिलेंडर दुकान के बाहर रखे हुए थे। टीम ने जानकारी ली तो दुकानदार ने बताया कि वह गैस सिलेंडर के सब डीलर हैं। टीम ने कागजात मांगे तो आनाकानी की जा रही थी। जिस पर टीम ने घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। बीना के खुरई रोड पर चंद्रशखेर वार्ड में स्थित एक होटल के पास राय गैस एजेंसी के संचालक द्वारा कई सालों से घनी बस्ती में खुले में बड़ी संख्या में लोगों को गैस सिलेंडर की सप्लाई की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी लेकर कागजी कार्रवाई की। एक उपभोक्ता ने ज्यादा दामों पर गैस सिलेंडर देने का आरोप भी लगाया।
दरअसल, युद्ध के कारण प्रदेश में कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिससे रेस्टोरेंट संचालक परेशान हैं। वहीं आम उपभोक्ता भी घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर चिंतित हैं।------ मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव ने जानकारी दी।